बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्म निर्माता फराह खान अक्सर अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं, लेकिन इस बार उनका यही अंदाज उन पर भारी पड़ गया है। अपने लेटेस्ट व्लॉग के लिए फराह खान इन दिनों सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल हो रही हैं। दरअसल, फराह ने अपने यूट्यूब चैनल पर मशहूर डांसर धनश्री वर्मा के साथ एक व्लॉग शेयर किया, जिसमें उन्होंने कई बार क्रिकेटर युजवेंद्र चहल का जिक्र किया। अब इस व्लॉग को देखने वाले दर्शकों ने फराह पर जमकर गुस्सा निकाला है, उनका कहना है कि धनश्री युजवेंद्र के जिक्र पर सहज नहीं थीं, फिर भी फराह बार-बार उनसे ये सवाल पूछती रहीं।
फराह खान और धनश्री वर्मा का व्लॉग: आखिर विवाद क्या है?
फराह खान अपने व्लॉग सीरीज में अक्सर सेलेब्रिटीज के घर जाकर उनसे बातचीत करती हैं, साथ में कुकिंग करती हैं और उनके साथ मिलकर खाना भी खाती हैं। इस सफर में उनके साथ उनके कुक दिलीप भी होते हैं। इस बार उनकी मेहमान थीं क्रिकेटर युजवेंद्र चहल की पूर्व पत्नी धनश्री वर्मा। फराह ने धनश्री के घर जाकर उनसे बातचीत की, लेकिन इस दौरान उन्होंने कई बार युजवेंद्र चहल का जिक्र किया। लोगों का मानना है कि धनश्री युजवेंद्र के बारे में बात करने में सहज नहीं दिख रही थीं, लेकिन फराह लगातार उनसे जुड़ी बातें करती रहीं, जिसने दर्शकों को नाराज कर दिया है।
क्या है वायरल व्लॉग का पूरा मामला?
यह बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक पोस्ट के जरिए सामने आई, जहां एक यूजर ने फराह खान और धनश्री वर्मा के इस लेटेस्ट यूट्यूब व्लॉग पर अपनी प्रतिक्रिया दी। यूजर ने लिखा, “मैंने फराह खान का धनश्री के साथ लेटेस्ट यूट्यूब व्लॉग देखा। यह बहुत अजीब लगा। वह बार-बार घुमा-फिराकर युजवेंद्र के साथ उसकी शादी पर आ जा रही थी, जबकि धनश्री बिल्कुल भी दिलचस्पी नहीं दिखा रही थीं।” यूजर ने आगे लिखा कि उन्होंने फराह के बड़े सेलेब्स के साथ भी इंटरव्यू देखे हैं, जिनके एक्स-पार्टनर या तलाक हो चुका है, लेकिन फराह उनके साथ कभी इस तरह के जबरदस्ती वाले एंगल नहीं लातीं। यूजर ने आरोप लगाया कि शायद धनश्री एक बड़ी स्टार नहीं हैं, इसलिए फराह उनके साथ असंवेदनशील होने में झिझकी नहीं। कई अन्य लोगों ने भी इस बात पर अपनी सहमति जताई है।
यूज़र्स की प्रतिक्रिया: फराह खान पर संवेदनहीनता का आरोप
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने फराह खान के इस रवैये को “संवेदनहीन” करार दिया है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “शहनाज गिल वाले व्लॉग में भी फराह ने कहा था, ‘तुझे तो सही वाला मिल गया था लेकिन बुरा हुआ’, और इसके बाद वह सिद्धार्थ शुक्ला की मौत के बारे में बात करती रहीं, जबकि शहनाज असहज महसूस कर रही थीं। व्लॉग के उस सेक्शन में फराह बेहद खराब दिख रही थीं।” एक और यूजर ने सानिया मिर्जा वाले व्लॉग का जिक्र करते हुए लिखा कि फराह ने वहां उदित नारायण का भी मजाक उड़ाया था, लेकिन अपने भाई साजिद की इमेज हमेशा अच्छी करती रहती हैं। इन टिप्पणियों से साफ है कि दर्शक फराह खान के इस व्यवहार से काफी नाराज हैं और उन्हें सेलेब्रिटीज की निजी जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दखल देने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।



