Euler Motors ने अपने पैसेंजर ईवी पोर्टफोलियो में एक नया इलेक्ट्रिक तीन-पहिया वाहन, NEO HiRANGE, जोड़ दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹3,09,999 है। कंपनी का दावा है कि यह उत्पाद शहरी यात्रियों के लिए किफायती, भरोसेमंद और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प है, जो ड्राइवरों की रोज़ाना कमाई को बेहतर बनाने पर केंद्रित है। कंपनी अगले 3-4 महीनों में 50 शहरों में इस रेंज का रोलआउट करने की योजना बना रही है।
भारतीय शहरों में ऑटो-रिक्शा की अहमियत
ऑटो-रिक्शा भारत के शहरों में दैनिक यात्रा की जीवन रेखा हैं और मेट्रो शहरों में रोज़ाना यात्राओं का लगभग 20% हिस्सा बनाते हैं। हालांकि, ईवी विकल्पों में रेंज, विश्वसनीयता और कम रखरखाव के बीच बेहतर संतुलन की कमी महसूस की जाती रही है।
तीन वेरिएंट्स में उपलब्ध
Euler का दावा है कि ‘NEO by Euler’ इसी अंतर को भरता है और ड्राइवरों को सबसे अधिक रेंज, अधिक अपटाइम और विश्वसनीय प्रदर्शन प्रदान करता है, जिससे लागत कम और कमाई स्थिर रहती है। NEO HiRANGE तीन वेरिएंट्स – MAXX, PLUS और HiRANGE – में उपलब्ध है। ये प्रोडक्ट 120 से 200 किलोमीटर प्रतिदिन चलने वाले ड्राइवरों की ज़रूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
रेंज और चार्जिंग समय
टॉप वेरिएंट (MAX) में 200+ किमी की वास्तविक रेंज, मिड वेरिएंट (PLUS) में 170+ किमी और बेस वेरिएंट (HIRANGE) में 130+ किमी रेंज का दावा किया गया है। सभी वेरिएंट्स 10 से 80 प्रतिशत तक लगभग 3.25 घंटे में चार्ज हो जाते हैं।
स्पेसिफिकेशन्स टेबल
स्पेसिफिकेशन | NEO HiRANGE MAXX | NEO HiRANGE PLUS | NEO HiRANGE |
---|---|---|---|
ARAI सर्टिफाइड रेंज | 261 km | 204 km | 171 km |
रियल वर्ल्ड रेंज | 200+ km | 170+ km | 130+ km |
टॉप स्पीड | 45 km/h (Eco), 60 km/h (Thunder) | 45 km/h (Eco), 60 km/h (Thunder) | 43 km/h (Eco), 54 km/h (Thunder) |
बैटरी कैपेसिटी | 13.44 kWh | 11.56 kWh | 9.6 kWh |
वोल्टेज/पैक | 67 Vdc | 58 Vdc | 48 Vdc |
चार्जिंग समय (10–80%) | 3.25 घंटे | 3.25 घंटे | 3.25 घंटे |
मोटर टाइप/पीक पावर | LV AC PMSM, 9 kW | LV AC PMSM, 9 kW | LV AC PMSM, 9 kW |
फीचर्स और तकनीकी पहलू
तकनीकी रूप से, सभी वेरिएंट्स 9 kW पीक पावर वाले LV AC PMSM मोटर और चेसिस-इंटीग्रेटेड लिथियम-आयन बैटरी के साथ आते हैं। स्केटबोर्ड चेसिस, 65 Nm टॉर्क और हिल-असिस्ट जैसी खूबियां वाहन को स्थिरता प्रदान करती हैं। रियल-टाइम डायग्नोटिक्स, एंटी-थेफ्ट GPS और 6 साल/1.75 लाख किमी तक की वारंटी ड्राइवरों को भरोसा और सुरक्षा देती है।
लक्ष्य और बाजार
Euler Motors ने बताया कि नया ब्रांड पहली बार ईवी खरीदारों, राइड-हेलिंग ड्राइवरों, फ्लीट और स्व-नियोजित मालिकों के लिए समर्पित है। 50 शहरों में तेज़ रोलआउट के साथ कंपनी का लक्ष्य पैसेंजर ईवी गतिशीलता में तेज़ी लाना और शहरी प्रदूषण व ऑपरेटिंग लागत को कम करना है।