एक्शन प्रेमियों का इंतजार खत्म! टाइगर श्रॉफ और संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘बागी 4’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। कुछ ही घंटों में इसे 7 लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं, और ट्रेलर की झलक देखने के बाद दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं, जो काफी मिली-जुली हैं।
क्या टाइगर श्रॉफ का करियर लेगा नया मोड़?
पिछले कुछ सालों से टाइगर श्रॉफ के लिए पेशेवर मोर्चे पर चुनौतियां बनी हुई थीं। ‘हीरोपंती’ और ‘बागी’ जैसी शुरुआती सफलताओं के बाद उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पा रही थीं। ऐसे में ‘बागी 4’ से काफी उम्मीदें थीं। कुछ महीने पहले जब फिल्म का पहला पोस्टर सामने आया था, जिसमें टाइगर खून से लथपथ बाथटब में हसियां लिए बैठे थे, तभी से बज बनना शुरू हो गया था। अब, कई पोस्टर्स और टीजर के बाद, आखिरकार मेकर्स ने फिल्म का 3 मिनट 41 सेकंड का एक्शन से भरपूर ट्रेलर जारी कर दिया है। इसमें टाइगर एक बार फिर रॉनी के अवतार में लौटते हुए एक अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं। वहीं, संजय दत्त को उनके चिर-परिचित खलनायक अवतार में देखकर फैंस बेहद उत्साहित हैं।
फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं: तारीफ या आलोचना?
‘बागी 4’ का ट्रेलर खून-खराबे और जबरदस्त एक्शन से भरा है। टाइगर श्रॉफ को ‘एंग्री यंग मैन’ के लुक में देखकर कई फैंस इसे उनके करियर का कमबैक मान रहे हैं। हालांकि, हर ट्रेलर की तरह, इसे भी सभी का प्यार नहीं मिल रहा। जहां कुछ लोगों को यह बेहद पसंद आया है, वहीं कुछ यूजर्स को लग रहा है कि मेकर्स ने ट्रेलर में ‘ज्यादा फेकमफाकी’ कर दी है। सोशल मीडिया पर ट्रेलर को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं।
कुछ यूजर्स ने तो ट्रेलर को लेकर सीधे-सीधे अपनी निराशा जाहिर की है। एक यूजर ने लिखा, “लास्ट का फाइट सीन देखकर बहुत हंसी आ रही है।” वहीं, दूसरे यूजर ने सवाल उठाया, “अब आप लोग समझ गए होंगे कि श्रद्धा कपूर ने ये फिल्म क्यों रिजेक्ट कर दी।” एक अन्य यूजर ने तो तंज कसते हुए यह तक लिख दिया कि ‘ये फिल्म सिर्फ ढोलकपुर (छोटा भीम) की जगह ही ब्लॉकबस्टर होगी।’
संजय दत्त की खलनायिकी और एक्शन का जुनून
जहां कुछ लोगों को यह ट्रेलर बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा, वहीं दूसरी ओर ऐसे यूजर्स की भी कमी नहीं है जो संजय दत्त और टाइगर श्रॉफ की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। एक उत्साहित यूजर ने लिखा, “फाडू ट्रेलर है भाई।” दूसरे ने आत्मविश्वास से कहा, “टाइगर अपने कमबैक के लिए बिल्कुल तैयार है।” एक और अन्य यूजर का मानना है कि, “ये फिल्म पक्का ब्लॉकबस्टर होगी, क्योंकि विलेन संजय दत्त है।” संजय दत्त का खलनायक अंदाज और टाइगर का बेजोड़ एक्शन ही इस फिल्म का मुख्य आकर्षण लग रहा है।
कब और कहां देखें ‘बागी 4’?
‘बागी 4’ के निर्देशन की कमान ए. हर्षा ने संभाली है। इस फिल्म में टाइगर श्रॉफ और संजय दत्त के अलावा हरनाज संधू और सोनम बाजवा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी। यह एक्शन-पैक्ड फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 5 सितंबर को रिलीज होने वाली है, जहां इसका मुकाबला ‘द बंगाल फाइल्स’ और ‘द कंज्यूरिंग लास्ट राइट्स’ जैसी फिल्मों से होगा। देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों में जगह बना पाती है या नहीं।
