संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रसिद्ध गायक और ‘या अली’ फेम Zubeen Garg का 52 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उनका निधन 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में हुआ। उनके अचानक चले जाने से उनके फैंस और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गायक ज़ुबीन गर्ग का निधन सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग करते हुए हुआ। 19 सितंबर को इस हादसे के बाद उन्हें समुद्र से बचाकर पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तमाम मेडिकल ट्रीटमेंट के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए। रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि यह घटना 19 सितंबर, 2025 को हुई जब वे एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के सिलसिले में सिंगापुर में थे।
सिंगापुर दौरे की जानकारी इंस्टाग्राम पर दी थी
Zubeen Garg नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्म करने के लिए सिंगापुर गए थे। उन्होंने अपने प्रशंसकों को इस दौरे की जानकारी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करके दी थी। वीडियो में उन्होंने कहा था, “सिंगापुर के दोस्तों, मैं आपको 20 और 21 सितंबर के दौरान सिंगापुर के सनकटेक में चौथे नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में आमंत्रित करना चाहूंगा। आइए और भारत के अनोखे हिस्से को देखिए। हम गुणवत्तापूर्ण कृषि, शिल्प उत्पाद, चाय का अनुभव, नृत्य रूप, फैशन शो और शाम के संगीत कार्यक्रम लेकर आ रहे हैं, जिसमें भारत के नॉर्थ ईस्ट के रॉक बैंड और रैपर्स प्रस्तुत करेंगे। मैं पूरे फेस्टिवल में सांस्कृतिक ब्रांड एंबेसडर के रूप में मौजूद रहूंगा और 20 तारीख की शाम अपने लोकप्रिय हिंदी, बंगाली और असमिया गीतों के साथ प्रस्तुति दूंगा। मैं आप सभी को आमंत्रित करना चाहूंगा, यह शनिवार और रविवार को होगा और एंट्री फ्री है। सभी आएं और हमारा समर्थन करें। चीयर्स!”
प्रधानमंत्री मोदी और अन्य दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
Zubeen Garg के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी समेत कई राजनेताओं और हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “लोकप्रिय गायक ज़ुबीन गर्ग के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। उन्हें संगीत में उनके समृद्ध योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनकी प्रस्तुतियाँ सभी क्षेत्रों के लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय थीं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।” नेता विपक्ष राहुल गांधी ने ज़ुबीन की मृत्यु को ‘भयावह त्रासदी’ बताते हुए शोक व्यक्त किया। असम के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ने भी Assamese rockstar ज़ुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें असम और देश का गौरव बताया।
‘या अली’ से मिली विशेष पहचान, असम के रॉकस्टार के रूप में मशहूर
ज़ुबीन गर्ग को इमरान हाशमी और कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘गैंगस्टर’ के गाने “Ya Ali” से देशभर में विशेष पहचान मिली थी। हालांकि, उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में 30 से ज़्यादा गाने गाए थे। असमिया सिनेमा में उनके अपार योगदान के लिए उन्हें “असम का रॉकस्टार” कहा जाता है। Hindi music के साथ-साथ उन्होंने असमिया और बंगाली संगीत को भी समृद्ध किया। संगीत के अलावा, ज़ुबीन समाजसेवा में भी सक्रिय थे और असम की सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन की खबर मिलने के बाद उनके असम स्थित आवास पर प्रशंसकों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जो उनके प्रति उनके प्यार और सम्मान को दर्शाती है। ज़ुबीन गर्ग अपने पीछे एक समृद्ध संगीत विरासत छोड़ गए हैं, जिसे हमेशा याद किया जाएगा।



