पूर्णिया में रविवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान एक अनोखी सवारी की। दोनों नेता अलग-अलग बुलेट बाइक्स पर सवार होकर 22 किलोमीटर की दूरी तय की। यह यात्रा गौरा से गढ़बनैली तक हुई।
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने किसकी बुलेट चलाई?
राहुल गांधी बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार के साथ, जबकि तेजस्वी यादव राजद नेता मु. जिशान के साथ बुलेट पर सवार हुए। राहुल गांधी की बुलेट (BR 22 BQ 4709) पश्चिम चंपारण में मु. नौशीन के नाम से 29 जुलाई 2025 को खरीदी गई थी और 4 अगस्त 2025 को रजिस्टर्ड हुई थी। तेजस्वी यादव की बुलेट (BR 22 8M 0606) मुहम्मद जिशान जुल्फकार के नाम से 26 नवंबर 2024 को खरीदी गई और 27 नवंबर 2024 को रजिस्टर्ड हुई थी। ध्यान देने योग्य बात यह है कि पूर्णिया और पश्चिम चंपारण के बीच की दूरी लगभग 450 किमी से अधिक है!
45 किमी की यात्रा: आधा जीप, आधा बुलेट
रविवार की सुबह पूर्णिया सदर प्रखंड के गौरा मोड़ से शुरू हुई इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ तेजस्वी यादव, वामदल के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी नेता मुकेश सहनी भी मौजूद थे। हल्की बारिश के बीच उन्होंने लगभग 45 किलोमीटर की दूरी तय की, जिसमें आधी दूरी जीप में और आधी दूरी बुलेट बाइक पर बिताई गई। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का बुलेट पर सफर पूर्णिया में पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।
लेखक के बारे में
सुधेंद्र प्रताप सिंह, नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में प्रिंसिपल कंटेंट प्रड्यूसर हैं। आगरा से पत्रकारिता की शुरुआत करते हुए, उन्होंने कई प्रतिष्ठित मीडिया संगठनों में काम किया है। बिहार, झारखंड और राजस्थान की राजनीति, अपराध, समसामयिक घटनाओं और अनोखी खबरों पर उनकी विशेषज्ञता है।