दुनिया के अरबपतियों की दौड़ में एक नया अध्याय जुड़ गया है। सॉफ्टवेयर दिग्गज Oracle के सह-संस्थापक लैरी एलिसन (Larry Ellison) ने एलन मस्क (Elon Musk) को पछाड़कर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज अपने नाम कर लिया है। 81 वर्षीय एलिसन की अनुमानित संपत्ति लगभग $393 बिलियन बताई जा रही है, जो उन्हें इस प्रतिष्ठित सूची में नंबर-1 पायदान पर ले आई है। लेकिन लैरी एलिसन की संपत्ति की बात सिर्फ उनके नेटवर्थ तक सीमित नहीं है, असली दिलचस्पी तो उनके उन शानदार घरों, हवेलियों और पूरे के पूरे द्वीपों में है, जिनकी चमक किसी हॉलीवुड फिल्म के सेट से कम नहीं लगती।
लैरी एलिसन: अमेरिका के ‘ट्रॉफी-होम खरीदार’
लैरी एलिसन को अक्सर अमेरिका का सबसे बड़ा ‘ट्रॉफी-होम खरीदार’ कहा जाता है। उनका Real Estate कलेक्शन किसी सपने से कम नहीं है। उन्होंने न सिर्फ आलीशान हवेलियां खरीदी हैं, बल्कि पूरे के पूरे द्वीप के भी मालिक हैं। दिलचस्प बात यह है कि एलिसन अपनी कई संपत्तियों को सिर्फ निवास स्थान के तौर पर नहीं रखते, बल्कि उन्हें रिसॉर्ट, आर्ट म्यूज़ियम और वेलनेस सेंटर में भी तब्दील किया है। आज उनके पास दुनिया के अलग-अलग कोनों में फैली ऐसी असाधारण प्रॉपर्टियां हैं, जिनकी कीमत अरबों डॉलर में है।
हवाई के लानाई से न्यूपोर्ट तक: द्वीपों और हवेलियों का संग्रह
हवाई (Hawaii) का लानाई द्वीप लैरी एलिसन की सबसे चर्चित खरीद में से एक है। उन्होंने इस द्वीप को 2012 में 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर में खरीदा था। आज वे इस द्वीप के 98 प्रतिशत हिस्से के मालिक हैं, जहां दो शानदार फोर सीजन्स रिसॉर्ट भी स्थित हैं। इसके अलावा, रोड आइलैंड के न्यूपोर्ट में उनकी ऐतिहासिक बीचवुड हवेली है, जिसे उन्होंने 10.5 मिलियन डॉलर में खरीदा था। इस हवेली को एक म्यूज़ियम में बदलने के लिए एलिसन ने 100 मिलियन डॉलर से अधिक खर्च किए।
ताहो झील और मालिबू का ‘बिलियनेयर्स बीच’
कैलिफ़ोर्निया की खूबसूरत लेक ताहो (Lake Tahoe) के किनारे भी लैरी एलिसन के कई आलीशान Luxury Homes हैं। यह वही जगह है जहां कभी फ्रैंक सिनात्रा और चेर जैसे दिग्गज सितारे रहते थे। एलिसन ने यहां दिवालिया हो रहे कैल नेवा लॉज को खरीदकर उसे बचाया था। कैलिफ़ोर्निया के मालिबू (Malibu) में उनकी 20 से ज़्यादा संपत्तियां बताई जाती हैं, जिनमें से 10 कार्बन बीच पर हैं। यही कारण है कि इस खूबसूरत तट को ‘बिलियनेयर्स बीच’ के नाम से जाना जाता है।
वुडसाइड से क्योटो और पाम बीच तक: अंतरराष्ट्रीय संपत्ति का विस्तार
कैलिफ़ोर्निया का वुडसाइड एस्टेट भी लैरी एलिसन की सबसे भव्य संपत्तियों में से एक है। जापानी डिज़ाइन से प्रेरित यह 23 एकड़ में फैला विशाल एस्टेट एक झील, टीहाउस और 10 अलग-अलग इमारतों को समेटे हुए है। जापान के क्योटो (Kyoto) में, उन्होंने एक ज़ेन मंदिर के पास एक ऐतिहासिक गार्डन विला भी खरीदा है। उनकी अंतरराष्ट्रीय संपत्ति का विस्तार यहीं नहीं रुकता। फ्लोरिडा के पाम बीच (Palm Beach) में, उन्होंने 173 मिलियन डॉलर की डील कर एक विशाल कॉम्प्लेक्स खरीदा, जिसमें 33 बेडरूम और 34 बाथरूम हैं। यह डील राज्य की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय बिक्री में से एक रही है।
लैरी एलिसन का जीवन और उनकी संपत्ति संग्रह सिर्फ दौलत का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह जुनून, दूरदर्शिता और एक अद्वितीय जीवनशैली (Luxury Lifestyle) का प्रतीक है। एलन मस्क को पछाड़कर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बनने के बाद, लैरी एलिसन का साम्राज्य निश्चित रूप से दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गया है।