भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को एक बड़ी भूमिका निभाने का प्रस्ताव दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई ने धोनी को भारतीय क्रिकेट टीम में मेंटरशिप का ऑफर दिया है। इस खबर पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पश्चिम बंगाल विधानसभा के सदस्य मनोज तिवारी ने अपनी प्रतिक्रिया दी, जो अब सुर्खियों में है।
मनोज तिवारी ने धोनी को लेकर क्या-क्या कहा?
बीसीसीआई के इस संभावित कदम पर टिप्पणी करते हुए, मनोज तिवारी ने महेंद्र सिंह धोनी पर तंज कसते हुए कहा, ‘वो फोन उठाए हैं ना? जहां तक मुझे पता है फोन पे मिलना बहुत मुश्किल है वो। मैसेज का रिप्लाई भी मिलता बहुत कम है। बहुत प्लेयर्स अपने समय में कहा भी है। पता नहीं वो रिप्लाई क्या करेंगे। वो मैसेज पढ़ेंगे भी की नहीं पढ़ेंगे।’
तिवारी ने आगे कहा, ‘पहली चीज तो यह है कि वो यह रोल एक्सेप्ट करेंगे या नहीं। मेरे लिए यह प्रिडिक्ट करना बहुत मुश्किल है कि वो क्या इम्पैक्ट लेकर आएंगे। उनका अनुभव बतौर कप्तान और बतौर खिलाड़ी बहुत उपयोगी होगा। नए उभरते हुए खिलाड़ी जो आज भारतीय टीम के सितारे हैं वो उन्हें काफी इज्जत देते हैं। एमएस धोनी और गौतम गंभीर की जोड़ी भी देखने लायक होगी।’
क्या 2021 विश्व कप की तरह होगा यह फैसला?
यह पहली बार नहीं होगा जब महेंद्र सिंह धोनी को टीम इंडिया के मेंटर के रूप में देखा जाएगा। इससे पहले यूएई में खेले गए 2021 के टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी उन्हें भारतीय टीम का मेंटर बनाया गया था। हालांकि, उस विश्व कप में टीम इंडिया पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से हारने के बाद ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गई थी।
गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े खिताब जिताए हैं। उनका अनुभव और नेतृत्व क्षमता हमेशा से टीम के लिए मूल्यवान रही है। अब देखना यह होगा कि क्या वह बीसीसीआई के इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं और टीम इंडिया में उनकी वापसी किस तरह का प्रभाव डालेगी। भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस संभावित बदलाव पर टिकी हुई हैं।