हाल ही में संपन्न हुए एशिया कप (Asia Cup) के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट टीम (Pakistan Cricket) एक नए विवाद में घिर गई है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर विचार कर रही है, क्योंकि उन पर कई नियमों के उल्लंघन का आरोप है. इनमें विशेष रूप से प्रतिबंधित क्षेत्रों में वीडियोग्राफी करना और संवेदनशील बातचीत को सार्वजनिक करना शामिल है, जिसे ICC Rules का गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
समाचार एजेंसी पीटीआई के हवाले से खबर है कि ICC के सीईओ संजोग गुप्ता ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को कड़े शब्दों में एक ईमेल भेजा है. इस ईमेल में उन उल्लंघनों का विस्तृत ब्यौरा दिया गया है, जिनमें मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के साथ हुई बैठक को प्रतिबंधित क्षेत्र में कैमरे में रिकॉर्ड करना भी शामिल है. यह घटनाक्रम पाकिस्तान और यूएई के बीच खेले गए मुकाबले से पहले का बताया जा रहा है।
ICC नियमों के तहत, मैच से पहले और बाद में ड्रेसिंग रूम या मैच अधिकारियों के साथ होने वाली बातचीत जैसे क्षेत्रों में वीडियोग्राफी करने की सख्त मनाही है।
विवादित वीडियो और माफी का दावा
दरअसल, पाकिस्तान टीम ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उनके खिलाड़ियों को मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के साथ बातचीत करते दिखाया गया था. इस वीडियो में यह दावा किया गया कि एंडी पायक्रॉफ्ट ने रविवार को हुए हैंडशेक विवाद में गलतफहमी के लिए माफी मांगी थी. हालांकि, ICC के सूत्रों का कहना है कि पायक्रॉफ्ट ने केवल ‘गलतफहमी पर खेद’ जताया था, उन्होंने कोई औपचारिक माफी नहीं मांगी थी।
मीडिया मैनेजर की विवादास्पद एंट्री
सूत्रों के मुताबिक, बार-बार चेतावनी के बावजूद पाकिस्तान ने नियम तोड़े. पाकिस्तान के मीडिया मैनेजर नईम गिलानी को एक टीम मीटिंग में शामिल कराया गया, जिसमें मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट, हेड कोच माइक हेसन और कप्तान सलमान अली आगा मौजूद थे. यह मीटिंग टॉस से पहले हुई थी।
बताया गया कि पाकिस्तान का मकसद हैंडशेक विवाद से जुड़ी गलतफहमियों को दूर करना था. लेकिन, ICC के एंटी-करप्शन मैनेजर ने गिलानी को अंदर जाने से मना कर दिया था, क्योंकि वे मोबाइल फोन लेकर PMOA (Players and Match Officials Area) में घुसना चाहते थे, जहां सख्त नियम लागू होते हैं।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब PCB ने यह धमकी दी कि अगर मीडिया मैनेजर को एंट्री नहीं दी गई तो टीम मैच से हट सकती है. आखिरकार, दबाव में आकर ICC को एंट्री और वीडियो रिकॉर्डिंग (बिना ऑडियो) की अनुमति देनी पड़ी. सूत्रों के अनुसार, यह PMOA नियमों का गंभीर उल्लंघन था और इससे इस जगह की पवित्रता भंग हुई। बाद में, PCB के एक और मीडिया मैनेजर वसीम को भी PMOA में जाने से रोक दिया गया, जहां फिल्मिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है।
ICC की संभावित कार्रवाई
ICC के सूत्रों का कहना है कि प्रतिबंधित जगहों पर फिल्मिंग और संवेदनशील बातचीत को सार्वजनिक करना आचार संहिता का एक गंभीर उल्लंघन है. यह पूरी Cricket Controversy अब ICC के लिए चिंता का विषय बन गई है और बोर्ड इस मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार कर रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही PCB को इस पर जवाब देना होगा और ICC द्वारा कोई सख्त कदम उठाया जा सकता है ताकि भविष्य में ऐसे उल्लंघनों को रोका जा सके।



