साउथ सिनेमा के जाने-माने एक्टर विशाल ने अपने फैंस को एक बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस साई धनशिका के साथ सगाई कर ली है। इस खास मौके की घोषणा विशाल ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए की, जिसके बाद से उनके फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है। दोनों ने इसी साल मई में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था और तभी से उनकी शादी का इंतजार किया जा रहा था।
विशाल ने 48वें जन्मदिन पर की सगाई की घोषणा
विशाल ने अपने 48वें जन्मदिन के अवसर पर साई धनशिका से सगाई करके इस दिन को और भी यादगार बना दिया। एक्टर ने अपनी सगाई की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘दुनिया के कोने-कोने से लोग मुझे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शुभकामनाएं और आशीर्वाद दे रहे हैं। इसके लिए आप सभी प्रियजनों का धन्यवाद। आज मुझे साई धनशिका के साथ हुई सगाई के बारे में आपको बताते हुए बहुत खुशी हो रही है। हमेशा की तरह आपके आशीर्वाद की कामना करता हूं।’
इन तस्वीरों में विशाल और धनशिका के साथ उनके परिवार के सदस्य भी नजर आ रहे हैं। विशाल ने अपनी अंगूठी की फोटो भी फैंस के साथ शेयर की है। फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं।
विशाल और साई धनशिका के रिश्ते की कहानी
विशाल और साई धनशिका का रिश्ता 15 साल पुराना है। धनशिका के मुताबिक, विशाल ने उनके मुश्किल समय में उनका बहुत साथ दिया था। वहीं, विशाल ने साई को पार्टनर के रूप में पाकर खुशी जाहिर की थी और ईश्वर को धन्यवाद दिया था। दोनों के बीच 12 साल का उम्र का अंतर है, लेकिन उनके प्यार के आगे यह मायने नहीं रखता।
शादी की तारीख और वर्क फ्रंट पर अपडेट
फिलहाल, विशाल और साई धनशिका की शादी की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही दोनों शादी के बंधन में बंध जाएंगे। सगाई की तरह शादी में भी करीबी रिश्तेदार ही शामिल होंगे।
वर्क फ्रंट की बात करें तो विशाल इन दिनों अपनी 35वीं फिल्म ‘मगुडम’ पर काम कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन रवि अरासु कर रहे हैं। इस फिल्म में विशाल के साथ दुशारा विजयन, योगी बाबू और अंजलि जैसे सितारे भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। फैंस को उनकी आने वाली फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।



